Saturday 15 October 2016

दुमका, 13 अक्टूबर 2016 
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 621
जामा के परगोडीह में स्थति पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में...
- राहुल कुमार सिन्हा, उपायुक्त, दुमका

दुमका जिले में दुर्गापूजा एवं मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया केवल, जामा प्रखंड के परगोडीह गांव में कल शाम माँ दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन तथा ताजिये के समापन के दौरान कुछ शरारती तत्वों के द्वारा पथराव की छिटपुट घटना हुई। घटना के बाद तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए सभी उपद्रवियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया है। स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है। गांव में माँ दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन कर दिया गया है साथ ही मुहर्रम के ताजिये का समापन भी हो गया है। परगोडीह गांव के आसपास के क्षेत्रों से किसी भी असमाजिक तत्वों के प्रवेष पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। दुमका के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा तथा पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार घटना के बाद से ही उस गांव में लगातार कैम्प कर स्थिति पर अपनी नजर बनाये हुए हैं। परगोडीह गांव के दोनो समुदाय के बड़े बुजर्गो के साथ साथ ग्रामीणों ने बतलाया कि शांति व्यवस्था बनाये रखने में वे पूरी तरह प्रषासन का सहयोग कर रहे हैं तथा किसी भी शरारती तत्वों को आपसी सौहार्द बिगाड़ने में कामयाब नहीं होने देंगे। इसी निमित्त आज 13 अक्टूबर को शाम 4 बजे जामा प्रखंड के शांति समिति की बैठक आहूत की गई है। दुमका के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने आम लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों के शरारत के कारण इस प्रकार की घटना हुई है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। बीच बचाव करने के क्रम में कुछ पुलिसकर्मियों तथा ग्रामीणों को हल्की चोटें आई है सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। दुमका के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा है कि तमाम शरारती तत्वों से बेहद सख्ती से निपटा जाएगा। किसी को विधि व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दुमका जिला एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि व्यवस्था बनाये रखने में सबों से सहयोग करने की अपील की है।


No comments:

Post a Comment