Wednesday 28 March 2018

दुमका 28 मार्च 2018
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 153 
देष का पहला फुटवेयर पंचायत षिकारीपाड़ा प्रखंड के मुड़ायाम पंचायत में बाली फुटवेयर के निर्माण में 1000 महिलाओं की सहभागिता से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन इन्डोर स्टेडियम दुमका में किया गया।
इस अवसर पर दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि शिकारीपाड़ा प्रखंड का मुड़ायाम पंचायत देश का पहला ऐसा पंचायत बनने जा रहा है जो फुटवेयर पंचायत के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि आज बालीजोर की महिलाओं के द्वारा बनाया गया चप्पल हर कोई खरीद रहा है। यह सिर्फ चप्पल नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण की निशानी है। जो बहुत जल्द क्रांति का रुप लेने वाली है। अभी हमें और मेहनत करनी है, हड़िया बेचने वाली महिलाओं को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से चप्पल निर्माण से जोड़ा जा रहा है। आज जिला प्रशासन ने स्माइलिंग सारा नाम से अभियान चलाकर हड़िया बेचने वाली महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि आप के प्रयास से ही अब चप्पल के साथ-साथ जूते का भी निर्माण बालीजोर में किया जाएगा। 1 सप्ताह के भीतर विधिवत रूप से जूते का निर्माण मुड़ायाम पंचायत भवन से शुरू किया जाएगा। आपकी मेहनत जरुर रंग लाएगी। कस्तूरबा विद्यालय दुमका द्वारा तीन हजार चप्पल और जूतों का कार्यादेश प्राप्त है। उन्होंने कहा कि साथ ही कस्तूरबा देवघर की बच्चियां भी आपके द्वारा बनाए गए चप्पल और जूते को पहनेंगी। इस अभियान की शुरुआत 20 महिलाओं के साथ की गई थी और आज यह अभियान एक बड़ा रूप ले चुका है। बहुत जल्द बाली फुटवेयर चप्पल और जूते देश ही नहीं विदेश भी भेजे जाएंगे। आधारभूत संरचना के ऊपर अभी और कार्य किया जाना है। जिला प्रशासन आप के समग्र विकास के लिए और भी नई नई तैयारियां कर रही है। अपने आत्मविश्वास को अपनी ताकत को कमजोर नहीं होने दीजिएगा। जब तक लोगों को स्वरोजगार से नहीं जोड़ा जाएगा तब तक समाज का विकास नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अलग-अलग रोजगार से महिलाओं को जोड़ने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील किया कि शौचालय का प्रयोग करें तथा और भी लोगों को प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शशि रंजन ने कहा कि आज का दिन दुमका जिला के लिए गौरव का दिन है। बालीजोर देश का पहला फुटवेअर पंचायत बनने जा रहा है। आज तक बड़े-बड़े शहरों में ही फुटवेअर का निर्माण होता था। पहली बार गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं चप्पल बना रही हैं। फुटवेयर पंचायत बनाने की उपायुक्त की सोच पर काफी तेजी से काम किया गया है। 1000 महिलाओं को जूता चप्पल बनाने के कार्य से जोड़ा गया तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का एक प्रयास जिला प्रशासन द्वारा किया गया है। गांव में कई विकास कार्य किए गए हैं और किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सहयोग से ही गांव का विकास संभव हो पाया है। आप आगे बढ़े समाज निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। सरकार आपके हित के लिए कार्य कर रही है। शौचालय, आवास जैसी कई सरकारी योजना आप को दी जा रही है। ताकि आप भी कंधे से कंधा मिलाकर चल सके। उन्होंने सभी से अपील की कि अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें। बच्चों को शिक्षा से वंचित ना रखें। आपके बच्चे आपके और देश के भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जागरुकता आएगी वैसे वैसे ही समाज बदलेगा
इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस विशाल सागर ने कहा कि आज का दिन जिले के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान अब बाली फुटवेयर से होगी। उन्होंने कहा कि यह सब सिर्फ जिला प्रशासन के प्रयास से संभव नहीं हो सकता आपके प्रयास और आपकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज पूरे राज्य में दुमका जिले की चर्चा हो रही है।
इस अवसर पर पंचायत की मुखिया निर्मला मुर्मू ने कहा कि पहले हमारे पंचायत की स्थिति कुछ ठीक नहीं थी आज हम गर्व से कह सकते हैं कि हमारा पंचायत नशा मुक्त हो गया है। उपायुक्त के प्रयास से पूरी तस्वीर बदल चुकी है। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कई वीडियो भी दिखाए गए। बेहतर कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। रानी मिस्त्री को किट देकर सम्मानित किया गया तथा स्वच्छता किट भी वितरित किया गया।







No comments:

Post a Comment