Monday 14 October 2019

दिनांक-11 अक्टूबर 2019

इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 35970 किसानों को लगभग 12.5 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। सांकेतिक रूप से 6 किसानों को योजना का लाभ दिया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त राजेश्वरी ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत प्रति एकड़ ₹5000 की राशि सरकार द्वारा अलग अलग किस्तों में दी जा रही है। सभी योग्य किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। अगर किसी किसान को अब तक उक्त योजना के तहत एक भी किश्त नहीं मिली है तो परेशान ना हो आपको हर हाल में योजना के तहत दी जाने वाली राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत दी जाने वाली राशि सही समय पर कृषि से संबंधित कार्य के लिए इस्तेमाल करें। आय को दुगुनी करने के लिए इस राशि का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय को दुगुनी करने के लिए कार्य कर रही है। वहीं राज्य सरकार का संकल्प किसानों की आय को चौगुनी करने का है। उन्होंने कहा कि अपने आय को बढ़ाने के लिए नए-नए तकनीक का उपयोग करें। सरकार उन्नत तकनीक को सीखने के लिए दूसरे देशों का भी परिभ्रमण करा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से नई-नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा प्रयास करें कि अधिक से अधिक नए तकनीकों का उपयोग खेती करने के लिए किया जाए ।श्री विधि के माध्यम से खेती कर आप अपने पैदावार को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आपके फसल को बाजार से अधिक मूल्य पर खरीद रही है इसलिए अपने फसल को बेचने की चिंता नहीं करें। उन्होंने कहा कि किसान मानधन योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा किसानों को पेंशन दिया जा रहा है आप सभी निश्चित रूप से इस योजना का लाभ लें ताकि भविष्य में आपको हर महीने उक्त योजना के तहत दी जाने वाली राशि मिल सके। कई बार जानकारी के अभाव में हम सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। जागरूक बने तथा सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले। जब तक सभी योग्य लाभुकों को सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा तब तक सही मायने में सरकार की योजनाएं सफल नहीं होंगी। सरकार के संकल्प को पूरा करने में आप सभी अपना योगदान दें।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर ने कहा कि किसानों के आर्थिक उत्थान के लिए राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी किसान भाई बहन उक्त राशि का सदुपयोग करें ताकि आप आर्थिक रूप से सशक्त हो सके। सरकार किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सशक्त करने का कार्य कर रही है।राज्य सरकार किसानों की आय को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। किसानों को नई-नई तकनीकों से अवगत कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि गांव में रोजगार का सृजन करना,आपका आर्थिक विकास हो यह सरकार का मुख्य उद्देश्य है।सरकार का किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प तभी पूरा होगा जब आप सभी उन्नत तकनीक से खेती करेंगे तथा पूरे वर्ष नए-नए फसलों का उत्पादन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सदैव आपकी सेवा में तत्पर है। किसी भी प्रकार की अगर आपको समस्या हो तो आप निःसंकोच आकर मिले आपकी हर समस्याओं को दूर किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा, कृषि पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी बात रखी।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता सुनील कुमार,निदेशक डीआरडीए विनय कुमार सिंकू,जिला योजना पदाधिकारी अरुण कुमार द्विवेदी,उप निदेशक जनसंपर्क शालिनी वर्मा,जिला परिषद उपाध्यक्ष असीम मंडल सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारीगण,तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।





No comments:

Post a Comment