Wednesday 10 January 2018

दुमका 10 जनवरी 2018
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 011 
कल्याण विभाग झारखंड सरकार द्वारा संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय का माननीया राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ समाज कल्याण मंत्री डॉ लुईस मरांडी भी उपस्थित थी।
 इस अवसर पर विद्यालय के छात्राओं को माननीया राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने नए साल की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि झारखंड एक ऐसा राज्य है जो पूरे देश में पिछड़े राज्य के रूप में जाना जाता रहा है। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर देश, राज्य, समाज को आगे बढ़ाना है तो शिक्षा पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा के क्षेत्र में पीछे हैं। उन्हें आगे लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर नींव ठीक होगा तो इमारत भी मजबूत बनेगी। अगर शिक्षा को मजबूत करना है तो स्कूल पर ध्यान देना आवष्यक है। महिला देश और समाज की रीढ़ है। महिलाओं को सशक्त तथा स्वावलंबी बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यहां की छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां की छात्राएं लड़कों से भी कई कदम आगे हैं। बच्चियों को अगर साधन, सहयोग और मौका मिले तो वह बेहतर परिणाम दे सकता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय के परिवेश पर भी ध्यान देना होगा। अपने आप को एक उदाहरण बनाएं ऐसा कार्य करें कि लोग आपको आपके कार्य से याद करें। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अन्य कार्यों में भी आपको ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा तभी सार्थक हो सकता है जब आदिवासी समाज का विकास हो। आदिवासी समाज का विकास होगा तो राज्य स्वतः विकास की राह पर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए आप सभी को आगे बढ़ना होगा। बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है साधन की कमी की वजह से बच्चे अपनी प्रतिभा को लोगों के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को स्पेशल कोचिंग देना होगा ताकि वे सभी प्रतियोगिता परीक्षा में सफल हो। उन्होंने कहा कि आप से राज्य का विकास निहित है।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री डॉक्टर लुईस मरांडी ने कहा कि विभाग विद्यालय के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चे हर कार्यक्रम में शामिल होते हैं और हमेशा अव्वल होते हैं। कल्याण प्रतिभा सम्मान के द्वारा बच्चों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। यहां के बच्चों ने शत-प्रतिशत रिजल्ट दिया है। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय को सुदृढ़ करने का प्रयास विभाग कर रही है। कल्याण विभाग के विद्यालय में पढ़ रहे हैं बच्चियों के लिए विशेष रुप से कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। 
इस अवसर पर विद्यालय के छात्राओं के द्वारा नृत्य की प्रस्तुति की गई तथा माननीया राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा स्कूल के बच्चियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्राचार्या ने माननीया राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू तथा समाज कल्याण मंत्री डां0 लुईस मरांडी को मोमेंटो तथा शाॅल देकर सम्मानित किया।





No comments:

Post a Comment