Saturday 9 June 2018

दुमका 09 जून 2018
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 302 
दुमका के जामा प्रखंड के लगला गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा बांस तथा  जलकुंभी से निर्मित सामग्रियों का दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार ने अवलोकन किया। इन महिलाओं को ईसाफ के द्वारा ट्रेनिंग दी जा रही है। 
दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खूब मेहनत करें-खूब कमाए। आपकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी। जिला प्रशासन महिलाओं को आर्थिक रुप से सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में ही नहीं देश में स्वयं सहायता समूह के महिलाओं की अपनी एक अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग का भरपूर लाभ उठाएं। यहां से मिलने वाली प्रशिक्षण आपको भविष्य में भी कार्य करने में मदद करेगी। हुनरमंद बने तथा दूसरों को भी प्रेरित करें। एक बेहतर समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई सारी योजनाएं भी चला रही है। महिलाओं को आर्थिक रुप से सशक्त कर ही माननीय प्रधानमंत्री की सोच न्यू इंडिया तथा माननीय मुख्यमंत्री जी की सोच न्यू झारखंड का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा बांस से निर्मित सामग्रियों की बाजार में भारी मांग है और इस कड़ी में यह एक छोटा सा प्रयास है। सरकार तथा जिला प्रशासन हर छोटे छोटे उद्यमियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है। आपकी हर परेशानियों को दूर करना सरकार तथा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांव की महिलाओं को अब कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आपके गांव आपके पंचायत में ही रोजगार उपलब्ध है। घर-परिवार छोड़कर बाहर रोजगार करने में जो परेशानी आती है जिला प्रशासन इसे भलीभांति समझता है और महसूस भी करता है। उन्होंने कहा कि इन सब बातों को ही ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन आप को रोजगार के बेहतर विकल्प उपलब्ध करा रही है। आपके प्रयास और आपके सहयोग से हम दुमका जिले को बांस से निर्मित सामग्रियों का केंद्र बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बालीजोर की महिलाओं के द्वारा बाली फुटवेअर का निर्माण किया जा रहा है। पूरे राज्य में बाली फुटवेअर अब अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। स्वयं सहायता समूह के महिलाओं के द्वारा बासुकीनाथ धाम में अर्पित बेलपत्र तथा पुष्प से वासुकी अगरबत्ती का निर्माण भी किया जा रहा है । आगामी श्रावणी मेला के दौरान यह अगरबत्ती बाजार में मिलने लगेगी । जिला प्रशासन महिलाओं को सशक्त करने के लिए लगातार प्रयासरत है। महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार आए यही हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को जरूर स्कूल भेजें उन्हें शिक्षित करें क्योंकि शिक्षा ही सभी परेशानियों की दवा है। 
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शिशिर कुमार सिन्हा ने कहा कि यहाँ की महिलाओं को रोजगार के नये अवसर मिले हैं निश्चित रूप से इनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आप की हर समस्याओं को दूर करेगा। आपकी तरक्की से समाज , राज्य और देश समृद्ध होगा। आपको स्वरोजगार से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर  लगला गांव के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा निर्मित सामग्रियों को ट्रक के माध्यम से विदेश भेजा गया। उपायुक्त मुकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर ट्रक को विदा किया।
ये सभी बांस से निर्मित सामग्री स्विजरलैंड ,कुबेत तथा अरब के देशों में जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश कुमार के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी शिशिर कुमार सिन्हा, ईसाफ के प्रतिनिधि अजीत, जिला तथा प्रखंड स्तर के अधिकारी तथा बड़ी तादाद में महिलाएं उपस्थिति थी।


No comments:

Post a Comment