Saturday 28 September 2019

दिनांक-27 सितम्बर 2019
प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1655

इंडोर स्टेडियम दुमका में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जलशक्ति अभियान अंतर्गत दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त राजेश्वरी बी उपस्थित थी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जल संचय पर शपथ दिलाते हुए कहा कि जल संकट एक बड़ी समस्या के रूप में आने वाले दिनों में हम सभी के समक्ष होगा।इस संकट से बचने के लिये जल संचय के प्रति सभी को जागरूक होने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर भी जल संचयन के प्रति लोगों को जागरूक होना होगा। वृक्षारोपण का कार्य अधिक से अधिक किया जाए। सोकपिट का निर्माण भी किया जाय ताकि जल स्तर बना रहे ।हम अपने आने वाले पीढ़ियों को एक अच्छा वातावरण दे सकें इस दिशा में कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है,जब हम सभी को जागरूक होना होगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त वरुण रंजन ने कहा कि जल शक्ति अभियान के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है एवं जल का संरक्षण,सदुपयोग अत्यंत आवश्यक है।
झारखंड राज्य जल छाजन मिशन रांची से आए हुए तकनीकी विशेषज्ञ डॉ बीके प्रसाद के द्वारा जलछाजन पर तकनीकी प्रेजेंटेशन दिया गया। जिसमें जिले में चलाए जा रहे जलछाजन के कार्यो की विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिले स्तर पर जलछाजन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 ग्रामीणों को प्रशस्ति पत्र देकर उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया गया।
मंच का संचालन जीवानंद यादव ने किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार,निदेशक डीआरडीए विनय कुमार सिंकू, जिला कृषि पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, सिंचाई विभाग के पदाधिकारी, जल छाजन मिशन के डॉ बीके प्रसाद, तकनीकी विशेषज्ञ श्री विशाल कुमार एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।





No comments:

Post a Comment