Thursday 14 December 2017

दुमका 14 दिसम्बर 2017
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 708 

दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार ने समाहरणालय सभागार में जिले के युवाओं के साथ एक बैठक की। जिसमें विश्वविद्यालय, स्कूल के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इस बैठक का उद्देश्य स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में दुमका को शीर्ष स्थान पर लाना था। विभिन्न विश्वविद्यालय स्कूलों से आए छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए उपायुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि जिले के स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान पर लाने के लिए आपका योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिले के समस्या का समाधान युवा ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बैठक में आप की उपस्थिति इस बात का गवाह है कि आप वास्तव में दुमका को दमकता दुमका के रुप में देखना चाहते हैं। आपका उत्साह देखकर जिला प्रशासन गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य सामूहिक प्रयास से अगर किया जाए तो वह वह कार्य सफल और जल्दी होता है। दुमका जिला को स्वच्छता सर्वेक्षण में चुना जाना इस जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में रहने वाले छात्र छात्रा जितने भी हैं वह सभी स्वच्छता एप्प अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर इसका इस्तेमाल करें। लगातार एप्प डाउनलोड की संख्या दुमका जिले में बढ़ रही है। एप्प को डाउनलोड कर अपने शहर के आसपास की शिकायतों को इसमें अपलोड करें। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग तत्परता के साथ आपके समस्याओं का समाधान करने में जुट जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता एप्प दुमका को दमकता दुमका बनाने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। नगर परिषद की भी चुनौतियां बढ़ेंगी और नगर परिषद पूरी तत्परता से आपके शिकायतों पर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में पूरे देश में दुमका 36 वां स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि एक जुट होकर कार्य करने की जरूरत है। अगर इस जिले के सभी युवा ये ठान लें कि दुमका को बदलता दुमका, स्वच्छ दुमका के रुप में देखना है तो दुमका को बदलता दुमका और स्वच्छ दुमका बनने से कोई नहीं रोक सकता। सभी लोगों को अपने भीतर थोड़े-थोड़े बदलाव लाने की जरूरत है। कोई भी देश सिर्फ सरकार के भरोसे बदलाव नहीं ला सकता। अगर किसी देश में बदलाव आई है तो वहां के युवाओं वहां के नागरिकों के वजह से आयी है। सिर्फ सरकार कुछ नहीं कर सकती आप को भी अपनी जिम्मेदारी तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि बदलाव में सरकार से भी बड़ी जिम्मेदारी जनता की होती है। जनता अगर अपनी जिम्मेदारी तय कर ले तो कोई भी कार्य जिला प्रशासन या सरकार के लिए आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि आपके शहर को गंदा करने का अधिकार किसी को भी नहीं होना चाहिए। यहां तक कि आपके शहर को गंदा करने का अधिकार आपको भी नहीं है। जिस तरह से आप अपने घर की सफाई रखते हैं यह शहर भी आपका ही घर है उसी तरह से अपने शहर को भी साफ सुथरा रखना आप की जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि सभी को आगे आना होगा तभी आपका दुमका बदलेगा। जिला प्रशासन हमेशा आप की शिकायतों तथा आपके सुझाव पर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लेकिन जब तक लोग जागरुक नहीं होंगे यह अभियान सही मायने में सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आप को जागने की जरुरत है। खुद जाकर अपने आस-पड़ोस को लोगों को जगायें। 
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शशिरंजन ने कहा कि युवाओं से ही जिले की पहचान बनती है। अगर युवा जाग जाए तो जिला को बदलना कोई बड़ा कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आप सभी आज यहां से एक प्रण लेकर जाएं कि अपने आसपास गंदगी फैलाने वाले लोगों को रोकेंगे और खुद भी गंदगी नहीं फैलाएंगे। आपका यह प्रण ही सही मायने में इस बैठक की सफलता मानी जाएगी।
बैठक में दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त शशिरंजन, प्रषिक्षु आईएएस विशाल सागर, जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, एनएसएस के स्वयं सेवक, डाॅ0 अजय शुक्ला, डाॅ0 शंकर पंजियारा, डाॅ0 प्रमोद झा, डाॅ0 चंपकलता कुमारी, डाॅ0 दूबे, एसपी काॅलेज के मृणाल मिश्रा के साथ साथ बड़ी तादाद में विश्वविद्यालय स्कूलों से आये छात्र-छात्रायें उपस्थित थीं।



No comments:

Post a Comment