Saturday 13 October 2018

दुमका 13 अक्टूबर 2018
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 877
1 करोड़ 99 लाख की लागत से दुमका में बनेगा खादी पार्क...
समाज कल्याण मंत्री एवम राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष ने किया भूमि पूजन...
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ भूमि पूजन...
दुमका में प्रस्तावित खादी पार्क का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। भूमि पूजन में समाज कल्याण मंत्री डॉ लुइस मरांडी, झारखण्ड राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ उपस्थित थे। 1 करोड़ 99 लाख की लागत से खादी पार्क का निर्माण किया जायेगा। 1 करोड़ 57 लाख की लागत से खादी पार्क के भवन का निर्माण किया जाएगा। वही 42 लाख की लागत से के बाउंडरी वाॅल निर्माण का कार्य किया जाएगा। बीएसएनएल के द्वारा उक्त कार्य को किया जाएगा। 15 अगस्त 2019 तक निर्माण कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है ।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री डॉ लुइस मरांडी ने कहा कि दुमका के लोगों के साथ साथ संताल परगना के लोगों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। खादी पार्क के निर्माण से यहाँ के लोगों को रोजगार के कई नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार दुमका और संताल परगना के सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित है। सरकार ने हर दिन इतिहास में विकास के एक नए अध्याय को जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि तहे दिल से खादी बोर्ड के अध्यक्ष को धन्यवाद देती हूँ जिनके प्रयास से यह संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि मोमेंटम झारखंड की तर्ज पर सरकार ने छोटे बड़े उद्योग को स्थापित करने का कार्य किया है। जिससे यहां के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। दुमका, राज्य में सिल्क के उत्पादन में अपना पहला स्थान रखता है। यहां की महिलाओं को सिल्क के निर्माण से जोड़ा जा रहा है। उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जितने भी वादे लोगों से किए थे सभी को पूरा करने का कार्य किया है। केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार ने लोगों के दर्द को समझा है। सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों के चेहरे में खुशहाली लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है खादी पार्क ससमय बनकर तैयार हो जायेगा। स्थानीय लोग इस निर्माण कार्य में सहयोग करें । खादी पार्क के निर्माण से आप सभी के जीवन मे निश्चित रूप से बदलाव आएगा।

इस अवसर पर झारखण्ड़ राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने संबोधित करते हुए कहा कि खादी पार्क संताल परगना तथा दुमका के लिए किसी उपहार से कम नहीं है। 10 महीनों के अंदर खादी पार्क के निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बहुत जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस नवनिर्मित खादी पार्क में संग्राहलय, ट्रेनिंग सेंटर,प्रोडक्ट सेंटर होगा। साथ ही इस नवनिर्मित भवन में तसर के धागा उत्पादन कार्य तथा तसर के साड़ी के उत्पादन का कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है सिलाई ट्रेनिंग की 38 योजनाएं पूरे झारखंड में चल रही है 6 महीने की ट्रेनिंग के उपरांत महिलाओं को 20 हजार की मशीन 5 हजार में उपलब्ध कराई जाती है। टेराकोटा, लाह, मधुमक्खी पालन जैसे कार्यो से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का कार्य किया जा रहा है। अब तक 1500  मधुमक्खी पालन के बक्से को वितरित किया गया है तथा 7 दिनों की मधुमक्खी पालन की ट्रेनिंग दी जा रही है। मधुमक्खी पालन कर एक किसान को 1 वर्ष में 60 हजार से 70 हजार की अतिरिक्त आय होती है। माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे झारखंड में मीठी क्रांति आ चुकी है। बहुत जल्द 10 हजार मधुमक्खी पालन के बक्सों को किसानों के बीच वितरित किया जाएगा ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार आए। यहां के किसानों के द्वारा उत्पादित मधु को ‘‘अमृता‘‘ के नाम से बाजार में बेचा जाएगा।







No comments:

Post a Comment