Sunday 8 April 2018

दुमका 08 अप्रैल 2018
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 178 
माननीय मुख्यमंत्री झारखंड श्री रघुवर दास ने राजभवन दुमका में सिल्क से बने उत्पादों का अवलोकन करते हुए कहा कि दुमका जिला प्रशासन की पहल से मयूराक्षी सिल्क ब्रांड नाम से जो उत्पाद लाए गए हैं इसके लिए जिला प्रशासन बधाई के पात्र हैं। आने वाले दिनों में दुमका मयूराक्षी सिल्क सिटी के नाम से प्रसिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि उद्यमी बोर्ड के तहत तसर बोर्ड का निर्माण किया गया है। इस तसर बोर्ड के माध्यम से मयूराक्षी सिल्क की मार्केटिंग की जाएगी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश विदेश में सिल्क के धागे की भी बहुत अधिक मांग है। हम सिल्क के धागे को निर्यात कर सकते हैं। मयूराक्षी सिल्की के लिए डिजाइनर की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को हमेशा से ही बेहतर उत्पाद पसंद आते हैं। महिलाओं के द्वारा पसंद किए जाने वाले रंग-बिरंगे एवं डिजाइनिंग कपड़ों की मांग की आपूर्ति डिजाइनर द्वारा की जा सकेगी और उत्पादों को बड़ा एवं बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने मधुमक्खी पालन पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में मधु के उत्पादन से भी किसानों को बहुत अधिक फायदा मिल रहा है। दुमका जिले में भी मधु उत्पादन एवं उसके प्रोसेसिंग प्लांट लगाने का प्रयास किया जा रहा है। लाह उत्पादन के सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि झारखंड से भारी तादाद में लाह का निर्यात किया जाता है। झारखण्ड में भी लाह की अच्छे किस्म की चूड़ियाँ बनाई जा सकती है। इस कार्य में झारखण्ड के 100 सखीमंडल को लगाया जायेगा। इससे रोजगार के नये रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि संताल परगना के विभिन्न पर्यटक स्थलों में हाट के माध्यम से यहां के कलाकारों द्वारा बनाये गये पत्थर, मिट्टी, लाह, लोहे एवं अन्य धातुओं के बने कलाकृति, आभूषण, मयूराक्षी सिल्क उत्पादन इत्यादि की प्रदर्षनी लगाई जाय और इसकी मार्केटिंग की जाय। इस तरह से हम लोगों को स्वरोजगार के नये अवसर प्रदान कर सकेंगे। झारखण्ड सरकार हर क्षेत्र में कार्य करने की योजना बना रही है। इससे लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा।





No comments:

Post a Comment