Wednesday 13 March 2019

दुमका 13 मार्च 2019
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 0269

वरीय पदाधिकारी स्वीप कोषांग सह उप विकास आयुक्त दुमका वरुण रंजन की अध्यक्षता में लोक सभा आम चुनाव 2019 के मद्देनजर स्वीप कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की गई ।
बैठक में उन्होंने कहा कि दुमका जिला अंतर्गत वैसे मतदान केंद्र को चिन्हित किया जाए जहां विगत चुनाव में मतदान के प्रतिशतता अत्यंत कम रहा है। चिन्हित कर उक्त मतदान केंद्रों पर मतदान के प्रतिशतता कम रहने के कारण का विश्लेषण करते हुए कार्य किया जाए। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि चुनाव के दौरान कुल 51 आदर्श मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। इन सभी आदर्श मतदान केंद्र को विकसित किया जाना है। उक्त मतदान केंद्र पर न्यूनतम मूलभूत सुविधा यथा विद्युत, पेयजल, शौचालय, मोबाइल कनेक्टिविटी, रैंप ,पहुंच पथ आदि की सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त आदर्श मतदान केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु उक्त मतदान केंद्रों पर मतदाता को कई अन्य सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही मतदान केंद्र की साज-सज्जा, सुंदरीकरण, कुशल एवं प्रशिक्षित मतदान कर्मी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि उक्त 51 मतदान केंद्र जिला के अन्य मतदान केंद्र हेतु आदर्श मानक स्थापित करेंगे। इस कार्य को संपन्न कराने हेतु उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला में 11 पिंक बूथ बनाया जाएगा। इन पिंक बूथ में महिला मतदान केंद्रों पर सभी मतदान कर्मी महिला होंगी। इसके लिए लगभग 100 महिला कर्मियों को अलग से विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। पिंक बूथ थीम बेस्ड होगा तथा देखने में आकर्षक होगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए एक रुचिकर खेल को विकसित किया जाएगा। इस खेल में प्रत्येक बुराई यथा शराब, पैसा लेकर वोट देना, लोगों के बहकावे में जाति धर्म के आधार पर वोट करना आदि को दर्शाया जाएगा।  खेल के माध्यम से लोगों को स्वतंत्र निष्पक्ष मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। शहर एवं गांव के मुख्य स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, क्विज, प्रतियोगिता, नृत्य संगीत कार्यक्रम, दीवाल लेखन आदि के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करते हुए उन्हें मतदान करने हेतु प्रेरित किया जाएगा। गांव में फुटबॉल एवं अन्य खेल टूर्नामेंट का आयोजन कर नव युवको तथा ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरुक किया जाएगा। सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जिला प्रशासन द्वारा मतदान प्रतिशतता बढ़ाने हेतु कार्य किए जाएंगे। उन्होंने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सेविका, पोषण सखी आदि के सहयोग से कल्चरल ग्रुप का निर्माण किया जाए जिनके द्वारा विभिन्न प्रमुख स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति करते हुए मतदान हेतु प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीप कोषांग के द्वारा Hackathon प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान यथा आईआईटी खड़कपुर, आई एस एम धनबाद, एनआईटी दुर्गापुर आदि के छात्र सम्मिलित होंगे तथा उनके द्वारा यूजर फ्रेंडली एप का निर्माण किया जाएगा। जिसमें विभिन्न खेलों एवं पजल/क्वीज के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। सबसे बेहतर यूजर फ्रेंडली एवं रुचिकर ऐप बनाने वाले छात्र को 75000 रुपये राशि का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।  उन्होंने कहा कि फेसबुक पेज एवं ट्विटर पर महत्वपूर्ण एवं प्रासंगिक संदेश भेजने वाले अथवा अन्य प्रक्रिया से प्रतिदिन एक नागरिक को "वोटर ऑफ द डे" चुना जाएगा एवं उन्हें स्वीप कोषांग के माध्यम से टी-शर्ट प्रदान किया जाएगा। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने और भी कई महत्वपूर्ण निदेश दिया।

No comments:

Post a Comment