Saturday 4 May 2019

दुमका 04 मई 2019
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 0529

इलेक्षन कार्निवाल का होगा भव्य आयोजन...

8 मई को इलेक्षन कार्निवाल में कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन...

स्वीप के तहत 8 मई 2019 को ‘‘इलेक्शन कार्निवाल‘‘ का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दुमका मुकेश कुमार के निदेश पर उक्त कार्यक्रम का आयोजन पूरी भव्यता से किया जायेगा। सुबह से लेकर देर रात तक कई कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मतदाताओं को जागरूक करने तथा मतदान प्रतिशत में वृद्धि करने के उद्देश्य से इलेक्शन कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु सर्वप्रथम प्रतिभागियों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। अधिक जानकारी के लिए स्वीप कोषांग द्वारा हेल्पलाइन नंबर 8102285057 जारी किया गया है। इस हेल्पलाइन पर कॉल कर कोई भी व्यक्ति जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकता है। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से गांधी मैदान दुमका में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में स्वीप कोषांग के वरीय पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त वरुण रंजन ने स्वीप कोषांग के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ तथा विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकों के साथ बैठक की तथा कई महत्वपूर्ण निदेश भी दिए। स्वीप कोषांग के वरीय पदाधिकारी वरुण रंजन ने कहा कि संभवतः राज्य भर में स्वीप के तहत आयोजित अबतक के कार्यक्रमों में यह आयोजन सबसे बड़ा और भव्य होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 के लिए 19 मई को मतदान किया जाना है। मतदान के दिन अधिक से अधिक लोग अपने घरों से निकलकर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लें। मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो तथा चुनाव से संबंधित और भी कई महत्वपूर्ण जानकारियों से इस दौरान लोगों को अवगत कराने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘‘इलेक्शन कार्निवाल‘‘ में पीडब्ल्यूडी वोटर्स के लिए भी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के पीडब्ल्यूडी वोटर्स भाग लेंगे। इंडोर स्टेडियम दुमका में पीडब्ल्यूडी वोटर्स के लिए स्नैक एंड लैडर्स तथा कैरम प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। स्वीप कोषांग के वरीय पदाधिकारी ने विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकों से कहा कि अधिक से अधिक छात्र-छात्रायें ‘‘माॅक पार्लियामेंट‘‘ में भाग लें। कक्षा ग्यारहवीं तथा बारहवीं के विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते है। बच्चों को स्वीप कोषांग द्वारा एक विषय दिया जाएगा, जिनपर वे सभी संसद के तर्ज पर बहस करेंगे। उन्होंने कहा कि उच्च स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन ‘‘इलेक्शन कार्निवाल‘‘ के दौरान किया जाएगा। कोई भी पुरुष, महिलाएं, बच्चे एवं बच्चियां इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते/सकती हैं। चुनाव से संबंधित रंगोली इस प्रतियोगिता में बनानी होगी। ‘‘इलेक्शन कार्निवाल‘‘ के दौरान फोटो एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति ‘‘ब्यूटी ऑफ दुमका‘‘ और ‘‘डांस ऑफ डेमोक्रेसी‘‘ विषय पर अपनी पेंटिंग तथा फोटोग्राफ 6 मई तक स्वीप कोषांग में जमा कर सकता है। फ्रेमिंग के साथ फोटोग्राफी एवं पेंटिंग आकार 12/18 का होगा। बेस्ट फोटोग्राफ तथा पेंटिंग को पुरस्कृत भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान ताइक्वांडो का भी आयोजन किया जाएगा। बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रातियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जो सबसे अलग और आकर्षक होगा। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का विषय लोकसभा चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा फुड स्टाॅल भी लगाये जायेंगे। पूरे उत्सवधर्मी माहौल में इलेक्शन कार्निवाल का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान और भी कई आयोजन किये जायेंगे जो आकर्षण का केन्द्र होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निदेश दिया कि पूरे प्लानिंग के साथ जल्द से जल्द सारी तैयारियां पूरी कर ली जाय। 


No comments:

Post a Comment