Friday 21 June 2019

दुमका 21 जून 2019
प्रेस विज्ञप्ति संख्या -0732

स्वस्थ जीवन शैली तथा बेहतर जीवन जीने के लिए योग महत्वपूर्ण...

-डॉ लुईस मरांडी, समाज कल्याण मंत्री, झारखण्ड

दैनिक जीवन के तनाव को दूर करने में योग महत्वपूर्ण...
- वरुण रंजन, उप विकास आयुक्त, दुमका

योग स्वस्थ तन तथा स्वस्थ मन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। योग न सिर्फ हमें स्वस्थ रहने में मदद करता है बल्कि हमारे भीतर एक नयी ऊर्जा का संचार करता है। उक्त बातें समाज कल्याण मंत्री, डॉ लुईस मरांडी ने गांधी मैदान दुमका में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। 
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन शैली तथा बेहतर जीवन जीने के लिए योग हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। हमें इसे समझने की जरूरत है। योग करने में किसी प्रकार की राशि का खर्च नहीं करना पड़ता। अपने दैनिक जीवन में थोड़ा सा समय निकालकर अपने स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन योग अवश्य करें। समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि आज झारखण्ड की धरती पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग कर लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन मे आत्मसात करने की अपील की है। आज पूरे विश्व में योग का महत्व पहले की तुलना में बढ़ा है। वर्तमान समय में हर व्यक्ति स्वस्थ रहना चाहता है लेकिन स्वस्थ रहने के लिए जो कार्य हमें करने की आवश्यकता है। वह हम नहीं कर पाते हैं। योग न सिर्फ हमें स्वस्थ बनाता है, बल्कि जीवन को अनुशासित बनाने का भी कार्य करता है। शरीर की कई विकृतियों को दूर करने में योग हमें काफी मदद करता है। अपने शरीर अपने स्वास्थ्य के लिए आज हम सभी को यह प्रण लेने की आवश्यकता है कि हम सभी प्रतिदिन अपने दैनिक जीवन से थोड़ा समय निकालकर योग अवश्य करेंगे। आज जो भी प्राणायाम हम सभी ने योग कार्यक्रम के दौरान सीखा है। उसे प्रतिदिन अपने घरों में करेंगे। इस तेज दौड़ती भागती जिंदगी में अगर थोड़ा वक्त निकाल कर योग करें तो, निश्चित रूप से आने वाला भारत, आने वाला झारखंड, आने वाला दुमका और आने वाला हमारा समाज स्वस्थ होगा। योग को हम सभी अपनाएं और हम सभी निरोग रहें।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त वरुण रंजन ने कहा कि योग कई प्रकार की गंभीर बीमारियों को दूर करने का कार्य करता है और यही कारण है कि आज पूरे विश्व मे योग की महत्ता बढ़ी है। उसे एक नयी पहचान मिली है। भारत सरकार आयुष मंत्रालय द्वारा इस वर्ष ‘योगा फॉर हार्ट’ थीम रखा गया है। हृदय संबंधित रोगों से बचने के लिए योग किस प्रकार महत्वपूर्ण इसे ध्यान में रखते हुए यह थीम निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि योग को अपने दैनिक जीवन मे हम सभी को जोड़ने की आवश्यकता है। योग को अपने जीवन मे आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि योग हमें दैनिक जीवन के तनाव से भी दूर रहने में मदद करता है । योग के लिए प्रतिदिन दिया आपका थोड़ा सा वक्त आपको निश्चित रूप से कई फायदा पहुचायेगा।

No comments:

Post a Comment