Wednesday, 19 October 2022

दिनांक- 14 अक्टूबर 2022 प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1268

 दिनांक- 14 अक्टूबर 2022

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1268


रामगढ़ प्रखंड के पहाड़पुर एवं छोटी रणबहियार पंचायत में आयोजित आपकी योजना,आपकी सरकार,आपके द्वार कार्यक्रम में उमड़ी भीड़...


  राज्य के सभी पंचायतों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिये पंचायत स्तर पर आपकी योजना,आपकी सरकार,आपके द्वार अभियान के तहत रामगढ़ प्रखंड के पहाड़पुर पंचायत तथा छोटी रणबहियार पंचायत में विभिन्न योजनाओं के स्टाल लगाए गए। 

इस दौरान दोंनो पंचायतों में राजस्व,खाद्य एवं आपूर्ति,भूमि सुधार,श्रम,महिला एवं बाल विकास,मनरेगा,प्रधानमंत्री आवास योजना,कृषि,पशुपालन एवं सहकारिता,पेयजल एवं स्वच्छता,स्वास्थ्य आदि विभागों  के स्टाॅल लगाया गया। पहाड़पुर में ग्रामीणों  ने विभिन्न विभागों से सम्बंधित 316 आवेदन दिये।किसान क्रेडिट कार्ड के 22,नये चापाकल के एक,15वें वित्त आयोग के 3,ई श्रम के 06,श्रम समाधान पोर्टल पर पंजीयन  के लिये 17,मनरेगा कार्य आवंटन के लिये 01,मनरेगा जाॅब कार्ड के लिये 01,मुख्यमंत्री पशुधन योजना के लिये 25,मनरेगा में  नई योजना की स्वीकृति के लिये 13,फूलो झानो आशीर्वाद योजना के लिये 01,सहकारिता विभाग के लिये 01,पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में 03,भूमि  सुधार एवं राजस्व में 41,महिला एवं बाल कल्याण में 08,राशन कार्ड के लिए 01,सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के लिये 43,विधवा सम्मान पेंशन  के लिये 29,दिव्यांग पेंशन  के 09,तथा सर्वजन पेंशन  योजना के लिये 87 आवेदन प्राप्त हुए। जबकि छोटी रणबहियार पंचायत में विभिन्न विभागों से कुल  417 आवेदन प्राप्त हुए। आपकी योजना, आपकी सरकार ,आपके द्वार कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी अरुण कुमार द्विवेदी तथा जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल ने कहा कि सरकार सभी जन कल्याणकारी  योजनाओं को लेकर स्वयं ग्रामीणों के पास पहुंच रही है।अतः ग्रामीण उन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेन्द्र कुमार सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी,सम्बंधित पंचायतों के पंचायत सचिव,ग्राम रोजगार सेवक,मुखिया तथा पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।







दिनांक-14 अक्टूबर 2022 प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1267

 दिनांक-14 अक्टूबर 2022

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1267


उपायुक्त की अध्यक्षता में विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त द्वारा आंतरिक संसाधन को लेकर सरकार को होने वाली राजस्व प्राप्ति की जानकारी ली गई तथा विभागवार सभी कार्यों की समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण करने का निदेश दिया गया। 


बैठक में उपायुक्त ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी एवं आंतरिक संसाधन से राजस्व संग्रहण को बढ़ाने का निदेश दिया गया। उपायुक्त ने परिवहन विभाग के राजस्व की समीक्षा करते हुए अब तक किया गए राजस्व वसूली की जानकारी ली तथा लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण करने हेतु निर्देश दिया। नगर परिषद दुमका एवं नगर पंचायत बासुकीनाथ के राजस्व की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारी को लक्ष्य  के अनुरूप कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। उपायुक्त ने खनन विभाग की समीक्षा करते हुए पत्थर एवं अन्य खनिजों से आने वाली रेवेन्यू कलेक्शन की पूर्ण जानकारी प्राप्त कर योजनाबद्ध तरीके से लक्ष्य के अनुरूप वसूली करने का निदेश दिया। 


बैठक में उपायुक्त ने एक-एक कर मत्स्य विभाग, वन विभाग, एक्साइज,निबंधन समेत अन्य विभागों से आंतरिक संसाधन की जानकारी लेते हुए प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण का निर्देश दिया।


राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी अंचल अधिकारी पूरी तत्परता के साथ राजस्व संग्रह करने का कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कार्य है। लक्ष्य निर्धारित कर राजस्व संग्रह कार्य को संपादित किया जाए।


बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी व अन्य उपस्थित थे।





दिनांक-13 अक्टूबर 2022 प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1266

 दिनांक-13 अक्टूबर 2022

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1266


उपायुक्त की अध्यक्षता में केंद्रीय सेक्टर की योजनाओं के तहत वित्तीय सुविधा अंतर्गत कृषि अवसंरचना कोष और फर्मेशन एवं प्रमोशन ऑफ एफपीओ के अंतर्गत डीएलएमसी एवं डीएमसी की पहली बैठक आयोजित की गई।जिसमें सरैयाहाट राज एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का गठन नाबार्ड और सृजनी संस्था के द्वारा किया गया है।

उक्त एफपीओ का मूल्यांकन डीसी के द्वारा किया गया।एफपीओ को आगे बढ़ने के लिए अन्य विभाग की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा,ताकि व्यापार बढ़ाने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नही हो।किसानों के प्रोडक्सन का मार्केटिंग के ऊपर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।


कहा कि अगले तीन माह में अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जाय,ताकि किसानों को सारी सुविधा मिल सके।सीएसएस एफओएस के तहत दुमका सदर,रानेश्वार और रामगढ़ प्रखंड में एफपीओ बनाने के लेकर डीएलएमसी द्वारा अनुमोदन किया गया।साथ ही जामा प्रखंड के लिए बनने वाले एफपीओ का आत्मा विभाग के परियोजना निदेशक डॉ देवेश कुमार सिंह को जांच करने का निर्देश दिया गया।


मौके पर डीडीएम एस बेहरा,जिला कृषि पदाधिकारी,जिला उद्यान पधाधिकारी राजेंद्र कुमार,जिला सहकारिता पदाधिकारी,केवीके के साइंटिस्ट डॉ संजय कुमार, जेएसएलपीएस के डीपीएम निशांत एक्का,श्रीजनी संस्था से कृष्णेंदु गगराई सहित अन्य मौजूद थे।


दिनांक- 13 अक्टूबर 2022 प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1265

 दिनांक- 13 अक्टूबर 2022

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1265


उपायुक्त के निदेशानुसार सदर प्रखण्ड दुमका के सभागार में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, दुमका सदर द्वारा मनरेगा योजना की समीक्षा किया गया। समीक्षा के दौरान उपस्थित सभी रोजगार सेवकों को प्रत्येक गांव में पांच योजना लेते हुए मनरेगा में अधिक से अधिक मजदूरों को रोजगार से जोड़ने का निदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त दीदीबाड़ी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना में अधिक से अधिक डिमांड सृजन करने का निदेश दिया गया । सदर प्रखण्ड अन्तर्गत शत प्रतिशत मनरेगा जॉबकार्डधारियों का आधार से लिंक करने का निदेश दिया गया। वीर पोटो हो खेल मैदान के तहत वर्तमान में 08 योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, इसे 15 नवम्बर से पहले पूरा करने का निदेश दिया गया। साथ ही खेल मैदानों के नजदीक शौचालय सहित चेंजिग रूम के निर्माण के लिए स्थल चिन्हित करने का निदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त रिजेक्टेड ट्रान्जेक्सन को भी दो से तीन दिनों के अन्दर सुधार करने का निदेश दिया गया । 


बैठक में प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा, कनीय अभियंता, मनरेगा तथा सभी रोजगार सेवक उपस्थित थे। 



दिनांक- 13 अक्टूबर 2022 प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1264

 दिनांक- 13 अक्टूबर 2022

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1264


प्रथम चरण(12 से 22 अक्टूबर 2022)


नुक्कड़ नाटक,माइकिंग एवं पेम्पलेट वितरण के जरिए स्थानीय भाषाओं में किया जा रहा योजनाओं का प्रचार-प्रसार...


दुमका जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के प्रथम चरण (12 से 22अक्टूबर) को लेकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। ग्रामीण सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जागरूकता रथ, माइकिंग, पंपलेट वितरण, स्थानीय भाषाओं में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम एवं विभिन्न योजनाओं से मिलने वाले लाभ उनके ही भाषा में बताया जा रहा है। 

अभियान के जरिए लोगों को सरल एवं सहज रूप से सरकार की योजनाएं जैसे, धान अधिप्राप्ति, राशन कार्ड, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना,फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान, सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना, कंबल वितरण योजना जैसी कई लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दिया जा रहा है। 


इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं से संबंधित पंपलेट लोगों के बीच वितरित किए जा रहे हैं। लोगों को कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने हेतु माइकिंग भी किया जा रहा है।





दिनांक- 13 अक्टूबर 2022 प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1263

दिनांक- 13 अक्टूबर 2022

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1263


प्रथम चरण(12 से 22 अक्टूबर 2022)

#Success_story


आपकी योजना,आपकी सरकार,आपके द्वार कार्यक्रम ने दिव्यांग बबली का किया सफर आसान....


दुमका जिला के काठीकुंड प्रखंड में आयोजित आपकी योजना,आपकी सरकार,आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा तेलियाचक बाजार निवासी बबली कुमारी, पिता आलोक मोदी को ट्राई साइकिल दिया गया।

अपने सफर के लिए एक संसाधन मिलने पर दिव्यांग बबली के चेहरे से खुशी साफ़तौर पर झलक रही थी। 


इस दौरान बबली कुमारी ने कहा कि अब कहीं भी आने-जाने के लिए परेशानी नहीं होगी। मैं ट्राई साइकिल पाकर काफी खुश हूं और अब कहीं भी जा सकती हूँ। इसके लिए मैं राज्य सरकार और जिला प्रशासन को धन्यवाद करती हूं। 


इस दौरान काठीकुंड प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। योग्य लाभुकों को उनके ही क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजन कर योजना का लाभ दिया जाएगा।



दिनांक- 13 अक्टूबर 2022 प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1262

 दिनांक- 13 अक्टूबर 2022

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-1262


उपायुक्त के निदेशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा विद्यालय एवं गांव- गांव घूमकर किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के बारे में जानकारी दी जा रही है। 

इसी क्रम में आज बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जरमुंडी द्वारा कस्तूरबा विद्यालय,जरमुंडी मे सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार अब राज्य की किशोरियों को नयी योजना के तहत लाभ देगी। 

आठवीं क्लास से बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़कियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दिया जायेगा।  आठवीं और नौवीं क्लास में पढ़ने वाली लड़कियों को 2500 रुपये का आर्थिक लाभ मिलेगा। वहीं 10वीं, 11वीं और 12वीं में पढ़ने वालों को 5000 रुपये तथा इसके बाद 18-19 वर्ष की आयु पूरी होने पर 20 हजार रुपये का एकमुश्त अनुदान दिया जाएगा। 


योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने वाले को अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क करना होगा। केंद्र के जरिये संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को आवेदन देना होगा। 


सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का उद्देश्य बालिकाओं, किशोरियों को शिक्षा से जोड़ना और वयस्क होने पर उसकी शादी के लिए जरूरी सहायता करना है। 


योजना की जानकारी देने के उपरांत सभी को आवेदन करने हेतु फार्म उपलब्ध कराया गया।