Monday 11 February 2019

दुमका 11 फरवरी 2019
प्रेस विज्ञप्ति संख्या - 0142
‘‘चलो मतदान केंद्र की ओर’’ का शुभारंभ उप विकास आयुक्त वरुण रंजन ने जिला परिषद कार्यालय से दीप प्रज्वलित कर किया। ज्ञात हो कि आगामी लोक सभा चुनाव 2019 को देखते हुए दुमका जिला के 10 प्रखंडों में कुल 1157 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निदेश के अनुसार सभी मतदान केंद्रों में न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना है। सभी मतदान केंद्रों में न्यूनतम मूलभूत सुविधायें यथा पेयजल, बिजली, शौचालय, मोबाइल कनेक्टिविटी आदि अन्य व्यवस्थायें हैं या नहीं इसकी सत्यापन के लिए जिला प्रशासन के सभी वरीय अधिकारियों ने जिले के 10-10 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया एवम मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर स्थानीय मतदान केंद्र के लोगों को संबोधित करते हुए उप विकास आयक्त वरुण रंजन ने कहा कि मतदान आपका अधिकार है इसको समझे और इसका अवश्य प्रयोग करें। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। लोकतंत्र के महापर्व में बस कुछ दिनों बाद आप सभी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विश्व में कोई और दूसरा देश नही है जहाँ इतनी बड़ी संख्या में लोग मताधिकार का प्रयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। सही उम्मीदवारों का चयन करें। जिला प्रशासन द्वारा लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम निरंतर रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी 1157 मतदान केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिला प्रशासन इसके लिए तैयार है। मतदान केंद्रों में दिव्यांगों के लिए रैंप और अन्य जरूरी चीजों की व्यवस्था रहेगी। जिला प्रशासन सभी मतदाताओं को एक बेहतर माहौल देने के लिए तैयार है। आप सभी निर्भीक होकर मतदान करें। उन्होंने कहा कि आप सभी से अनुरोध है कि आप सभी एक जिम्मेवार नागरिक की तरह लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करें। सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची उपलब्ध है। आप सभी अपने मतदान केंद्र पहुंच कर अगर आपके नाम पता या आपके परिवार के किसी सदस्य की सूची में नाम छूट गया है तो जल्द से जल्द इसका सुधार कर लें। ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशनी आपको न हो। आज जिले के सभी मतदान केंद्रों में ईवीएम रखा गया है। अच्छी तरह से ईवीएम के बारीकियों को समझ लें। उन्होंने कहा कि आपके सहयोग से निश्चित रूप से हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में सफल होंगे।
इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस शशि प्रकाश ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। आप सभी जागरूक होकर अपने आस पास के लोगों को जागरूक करने का कार्य करें। लोगों को मतदान केंद्र आने और मतदान करने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पिछले मतदान में मतदान प्रतिशत दुमका शहर में 66 प्रतिशत था। जिसे बढ़ाने की आवश्यकता है। चलें मतदान केंद्र की ओर कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन सभी मतदान केंद्र के मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलायी।
प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि पूरे जिले में आज ‘‘चलो मतदान केंद्र की ओर’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची उपलब्द्ध है। कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र पहुँचकर अपने ओर अपने परिवार का नाम मतदाता सूची में देख सकता और अगर किसी प्रकार की त्रुटि की सुधार फॉर्म भरकर तुरंत करा सकता है।
इस दौरान उप विकास आयुक्त वरुण रंजन ने 74 वर्षीय खलील अहमद तथा 82 वर्षीय मनिरुद्दीन मियां को हर वर्ष अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सम्मानित किया। उन्होंने नए मतदाता चंदा दास तथा ऋषिकेश कुमार को मतदाता पहचान पत्र भी दिया।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को मतदान करने हेतु जागरूक किया गया। लोगों को ईवीएम के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई वोट डालने के पूरी प्रक्रिया को दिखाया गया। 
इस अवसर पर कोषागार पदाधिकारी, दुमका पंकज नारायण, ईवीएम प्रशिक्षक  सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।






No comments:

Post a Comment